एक चार पहिया वाहन समेत लगभग 20 लाख रुपये का सामान बरामद
पडरौना (कुशीनगर) । शौचालय साफ करने के लिए इस्तेमाल होने वाला मशहूर उत्पाद "हार्पिक" का हूबहू डूप्लीकेट बनाने वाली एक फैक्ट्री का कुशीनगर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नकली हार्पिक बनाने वाले गिरोह के सरगना सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में नकली हार्पिक, एक चार पहिया वाहन व दो लाख रुपये सहित तमाम उपकरण बरामद किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, एक सूचना के आधार जिले के विशुनपुरा व तुर्कपट्टी थाना की पुलिस के साथ-साथ साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोड़रिया नहर के किनारे बसे तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के महुआ बुजुर्ग गांव के एक मकान पर शुक्रवार को छापा मार दिया। बड़े पैमाने पर नकली हार्पिक बनाते देख एकबार पुलिस भी भौचक्की रह गयी। जांच के बाद जब इस बात का यकीन हो गया कि फैक्ट्री में मौजूद उत्पाद नकली हार्पिक है तो पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से 2 लाख रुपये सहित 500 गत्ता नकली हार्पिक क्लीनर,एक लोडर गाड़ी,मिक्सर मशीन,फिलिंग व सीलिंगमशीन, बेटिंग स्टैण्ड,इलेक्ट्रॉनिक डिसप्ले,थीनर,लिक्विड,एसिड ,भारी संख्या में डूप्लीकेट हार्पिक क्लीनर की बोतलें,ढक्कन, रैपर व अन्य सामान बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि जालसाजों के इस गिरोह के सरगना सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।