गोरखपुर। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन गोरक्षपीठाधीश्वर एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विश्व हिंदू महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति और सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष, प्रसिद्ध लोक गायक डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद लिया।
भिखारी प्रजापति ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि आगामी नवंबर माह में गोरखपुर में विश्व हिंदू महासंघ का भव्य प्रांतीय अधिवेशन आयोजित होने जा रहा है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने अधिवेशन की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
वहीं, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि महासंघ का सांस्कृतिक प्रकोष्ठ लगातार लोक कलाकारों को मंच देने और उन्हें संगठन से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और लोककला के संवर्धन व संरक्षण के लिए महासंघ का यह प्रयास सराहनीय है और आने वाले समय में इसे और मजबूत बनाया जायेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पहल की सराहना करते हुए महासंघ के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन के आगामी अधिवेशन की सफलता की कामना की। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष दिग्विजय किशोर शाही, विनोद त्रिपाठी, सपना श्रीवास्तव, सुधाकर प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।