गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा आज की जरूरत" : सीएम योगी


                         ग्राम स्वराज्य (हिन्दी दैनिक) 


गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बेतियाहाता स्थित एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक विस्तार के जरिए उत्तर प्रदेश की नई पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में माफिया को बढ़ावा दिया, जबकि वर्तमान सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विकास की नई व्यवस्था उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र का उन्नयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। जो लोग इस योजना से बाहर रह गए, उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य स्तर पर शामिल किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से हर वर्ष 1200 से 1500 करोड़ रुपये जरूरतमंद मरीजों के इलाज पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति को उपचार से वंचित न रहने देना है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पूर्वांचल स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में काफी पिछड़ा हुआ था। उस समय गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज भी संसाधनों के अभाव से जूझ रहा था, लेकिन आज वही संस्थान आधुनिक सुविधाओं से लैस है और एम्स गोरखपुर के साथ मिलकर पूरे पूर्वांचल को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं तथा सरकारी अस्पतालों में आईसीयू, डायलिसिस, ब्लड बैंक और अन्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना अस्पतालों और चिकित्सकों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने एस्ट्रोमेडिक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल को पूर्वांचल की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों की बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी। उद्घाटन के बाद उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा पूर्व मंत्री स्वर्गीय मार्कण्डेय चंद की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मार्कण्डेय चंद की समाजसेवा की भावना को उनके परिवार ने इस आधुनिक अस्पताल के माध्यम से आगे बढ़ाया है।

कार्यक्रम में एमएलसी एवं अस्पताल के अध्यक्ष सीपी चंद ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में देश के लिए नई मिसाल बन रहा है। उन्होंने बताया कि एस्ट्रोमेडिक्स हॉस्पिटल का संचालन गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल के सहयोग से किया जायेगा, जिससे पूर्वांचल के मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
और नया पुराने