देवरिया को मुख्यमंत्री योगी की ₹456 करोड़ की विकास सौगात, 106 परियोजनाओं से बदलेगी बरहज और रुद्रपुर की तस्वीर:-



                           ग्राम स्वराज्य (हिन्दी दैनिक) 

                 (सुशील कुमार मिश्रा) 

देवरिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरांव में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान जनपद देवरिया के विकास को नई गति देते हुए बरहज एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए ₹456.38 करोड़ की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर 25 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 81 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को तेजी से धरातल पर उतार रही है। उन्होंने कहा कि देवरिया महर्षि देवराहा बाबा और बाबा राघवदास की तपोभूमि है, जहां अब विकास की नई इबारत लिखी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय यह क्षेत्र सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करता था, लेकिन आज आधुनिक सड़क नेटवर्क और बेहतर आधारभूत संरचनाओं के कारण गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है। उन्होंने सोनूघाट से बरहज तक ₹172 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि बरहज को सड़क के साथ जलमार्ग से भी जोड़ने की योजना पर कार्य किया जाएगा, जिससे कृषि और अन्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि मजबूत कनेक्टिविटी ही विकास, निवेश और रोजगार की सबसे बड़ीं आधारशिला है।
 
संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, सुदृढ़ कानून व्यवस्था, युवाओं के लिए पारदर्शी रोजगार व्यवस्था और कृषि क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, किसान कल्याण योजनाओं और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील की कि कोई भी गरीब भूखा न रहे और सभी पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाये।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वरासत प्रमाण-पत्र, मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के स्वीकृति पत्र, पीएम सूर्यघर योजना के प्रमाण-पत्र तथा फार्मर रजिस्ट्री प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया तथा बाल विकास परियोजना के अंतर्गत दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। इस अवसर पर केंद्रीय ग्राम्य विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद शशांक मणि त्रिपाठी, विधायकगण, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
और नया पुराने