राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह ने उठाई पडरौना से लंबी दूरी की ट्रेनों की मांग, रेल मंत्री ने विचार का दिया आश्वासन:-

   
                 ग्राम स्वराज्य (हिन्दी दैनिक)


दिल्ली/पडरौना। कुशीनगर जनपद के मुख्यालय पडरौना को देश के प्रमुख महानगरों से सीधे जोड़ने के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों के नियमित संचालन की मांग आज राज्यसभा में प्रमुखता से गूंजी। राज्यसभा सांसद कुंवर आरपीएन सिंह ने यह विषय उठाते हुए कहा कि कुशीनगर केवल एक जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली होने के कारण यह अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थ पर्यटन का एक महत्वपूर्ण केंद्र है।

 उन्होंने कहा कि दुनिया भर से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक कुशीनगर आते हैं, लेकिन मजबूत रेल कनेक्टिविटी के अभाव में उन्हें बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सांसद ने रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि पडरौना से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद सहित अन्य प्रमुख महानगरों के लिए लंबी दूरी की नियमित ट्रेनों का संचालन अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बड़ा गति मिलेगी और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।

  सांसद की इस महत्वपूर्ण और जनहितकारी मांग पर रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए प्रस्ताव को सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पडरौना को देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क देने के लिए जल्द विचार कर आवश्यक कदम उठाये जायेंगे।

  रेल मंत्री के इस आश्वासन से पडरौना और समूचे कुशीनगर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही नई ट्रेनों की घोषणा देखने को मिलेगी।
और नया पुराने