गांधी एवं शास्त्री जयंती पर एडीजी जोन ने किया पुष्पांजलि:-

सफाई कर्मचारियों को किया सम्मानित, आदर्शों को आत्मसात करने का किया आह्वान-
         
                ग्राम स्वराज्य (हिन्दी दैनिक)

गोरखपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने अपने जोन कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान एडीजी ने अपने कार्यालय के सफाई कर्मचारियों को गिफ्ट देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता गांधीजी के जीवन का अहम हिस्सा रही है और यही कारण है कि हमें सफाई कर्मियों को सदैव सम्मान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की स्वच्छता और स्वास्थ्य इन्हीं के अथक परिश्रम पर निर्भर करता है।

अपने संबोधन में एडीजी मुथा अशोक जैन ने महात्मा गांधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधीजी ने सत्य और अहिंसा के बल पर न केवल देश को आजादी दिलाई बल्कि पूरी दुनिया को नया मार्ग दिखाया। उन्होंने सेवा, सादगी और करुणा को राजनीति और जीवन का आधार बनाया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि शास्त्री जी ने अपने छोटे कद के बावजूद ऊँचा आदर्श स्थापित किया। उनका नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी भारत की आत्मा को सशक्त करता है। सादगी, ईमानदारी और दृढ़ इच्छाशक्ति उनके जीवन की सबसे बड़ी पहचान रही।

एडीजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे गांधी और शास्त्री के विचारों को आत्मसात करें और अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा व ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि यही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में जोन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने गांधी-शास्त्री के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
और नया पुराने