मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ में किया दर्शन-पूजन, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना:-




                    ग्राम स्वराज्य (हिन्दी दैनिक)


बलरामपुर/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को जनपद बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध आदिशक्ति माँ पाटेश्वरी देवी शक्तिपीठ में पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने पर पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उन्हें पूजा-अर्चना कराई।
       
 दर्शन-पूजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी देवी के समक्ष प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनता की भलाई के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा सभी के सहयोग से उत्तर प्रदेश प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने शक्तिपीठ परिसर स्थित गोशाला का भी निरीक्षण किया और वहां गोसेवा करते हुए गायों को चारा खिलाया। इस दौरान उन्होंने गोवंश के संरक्षण और सेवा के महत्व पर भी बल दिया।
       
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दर्शन-पूजन के दौरान स्थानीय प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
और नया पुराने